प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जबलपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान युवक की हत्या, तलवार से हमला

मध्य प्रदेश के जबलपुर में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक हिंसक झड़प में ईश्वर प्रसाद वंशकार नामक युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई।

जबलपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान युवक की हत्या तलवार से हमला

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान हुई एक हिंसक झड़प में एक युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ईश्वर प्रसाद वंशकार के रूप में हुई है। यह दर्दनाक घटना मढ़ाताल क्षेत्र के राजीव गांधी नगर, गली नंबर पांच की है, जहां रविवार रात को यह वारदात हुई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी नगर के गली नंबर 5 में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए जुलूस हनुमानताल की ओर जा रहा था, जिसमें ईश्वर दास भी शामिल थे। जुलूस जब मोहल्ले में लकड़ी के टाले के पास पहुंचा, तभी ईश्वर प्रसाद पान की दुकान पर गुटखा लेने के लिए रुके।

इसी दौरान, वहां मौजूद फुलवर, अरुण, राज और शिवर नामक युवकों ने उन्हें रोका और उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब ईश्वर प्रसाद ने इसका विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर तलवार, पाइप और लाठी जैसे हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ईश्वर प्रसाद को बुरी तरह घायल कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में हुई मौत

गंभीर रूप से घायल ईश्वर प्रसाद वंशकार को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के समय जब ईश्वर प्रसाद के बेटे और समिति के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे, तो उनके साथ भी बदमाशों ने मारपीट की।

पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वे फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related to this topic: