झालावाड़ जिले की अकलेरा थाना पुलिस ने एनएच-52 पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 44.805 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
झालावाड़ (राजस्थान)। जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलेरा में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.805 किलोग्राम अफीम निर्मित डोडा चूरा बरामद किया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन और 1000 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त डोडा चूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.72 लाख रुपए है।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण और खपत में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और थाना स्तर पर गठित टीमों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नाकाबंदी में कार को रुकवाकर की जांच
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और अकलेरा वृत्ताधिकारी मनोज कुमार सोनी के निकटतम सुपरविजन में अकलेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई की। थानाधिकारी धर्माराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम सुमन ने 17 सितंबर को अकलेरा थाना के सामने एनएच-52 पर नाकाबंदी की थी।
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद
नाकाबंदी के दौरान अकलेरा कस्बे की तरफ से आ रही एक कार को पुलिस ने रुकवाकर जांच की। कार में एक पुरुष और महिला सवार थे। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 44.805 किलो अफीम निर्मित डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा चूरा के साथ कार, एक मोबाइल फोन और 1000 रुपए नकद जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जोधपुर ग्रामीण के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणपत धूण (42) पुत्र हरचन्दराम जाट निवासी कात्यासनी, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर ग्रामीण और संतोष देवी (40) पत्नी मंगलाराम टाडा जाट निवासी खांगटा, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर जंक्शन पर ट्रेन से दो महीने की लावारिस बच्ची बरामद, RPF और चाइल्डलाइन ने किया सुरक्षित रेस्क्यू