औरंगाबाद जिले के सेंधोखाप गांव में शादी के दस साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
औरंगाबाद (बिहार)। नरारी कला थाना क्षेत्र के सेंधोखाप गांव में एक पिता के अरमानों की अर्थी उठ गई। रतनौर निवासी अलखदेव सिंह ने 2016 में अपनी तीसरी बेटी जूली कुमारी की शादी धूमधाम से की थी। सात लाख रुपये दहेज दिया था, ताकि बेटी ससुराल में सुख से रहे। लेकिन दस साल बाद वही बेटी ससुराल में संदिग्ध हालत में मृत मिली। मायके वालों का आरोप है कि निःसंतान होने के ताने और पति के अवैध संबंध ने जूली की जान ले ली।
बच्चा नहीं होने को लेकर जूली को लगातार किया प्रताड़ित
मृतका के भाई पार्थिव पटेल उर्फ नवल यादव और दुर्गा कुमार ने बताया कि जूली की शादी नरारी खुर्द, सेंधोखाप निवासी सूरज कुमार से हुई थी। सूरज एनटीपीसी में मजदूरी करता है और चालक का भी काम करता है। शादी के कुछ साल बाद तक सब ठीक रहा, लेकिन जब बच्चे नहीं हुए तो ससुराल का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति सूरज कुमार, सास चिंता देवी, ससुर राजेंद्र सिंह के अलावा दो ननद भी बच्चा नहीं होने को लेकर जूली को लगातार ताने मारती थीं और प्रताड़ित करती थीं।
पति का किसी दूसरी महिला से अफेयर
भाइयों का कहना है कि पति का किसी दूसरी महिला से अफेयर चल रहा था। इसी को लेकर घर में आए दिन मारपीट होती थी। पति दूसरी शादी करना चाहता था। जूली ने दुखी मन से पति को दूसरी शादी की इजाजत भी दे दी थी, लेकिन आरोप है कि दहेज और दूसरी शादी के लालच में ससुराल वालों को उससे पिंड छुड़ाना था, इसलिए साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।
महिला को जहर देकर मारने की आशंका
परिजनों ने बताया कि बच्चे नहीं होने पर ससुराल वालों ने कभी इलाज नहीं करवाया। मायके वाले ही उसे पटना ले जाकर इलाज करवाते थे। बीच में कई बार पंचायती कर समझौता भी कराया गया, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई। घटना के दिन पड़ोसी ने साढ़े नौ बजे फोन कर कहा कि जूली की तबीयत खराब है, उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। जब भाई दस बजे ससुराल पहुंचे तो घर में जूली का शव फर्श पर पड़ा था। परिजनों को देखते ही ससुराल के लोग भागने लगे। उस समय पति घर पर नहीं था। घर में सल्फास का पैकेट मिला, जिसमें दस में से पांच गोलियां गायब थीं। इससे जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
सूचना पर नरारी कला थाना क्षेत्र की पुलिस घटना स्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। भाइयों ने सास, ससुर और पति पर साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ताकि कोई और बेटी दहेज और निसंतान होने के तानो से बलि न चढ़े।
यह भी पढ़ेंः जयंत पुलिस चौकी क्षेत्र के कंचन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े डकैती, 500 ग्राम सोना और ढाई लाख नगद लूटे