जौनपुर के बाजार भुआ मोहल्ले में पुलिस ने एक रिहायशी मकान पर छापेमारी कर पांच कुंतल अवैध पटाखे बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने शहर के बाजार भुआ मोहल्ले में एक रिहायशी मकान से पांच कुंतल अवैध आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अपराध की रोकथाम के लिए अभियान जारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर और सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पांच कुंतल अवैध पटाखे बरामद
पुलिस टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजार भुआ स्थित एक रिहायशी मकान में छापेमारी कर पांच कुंतल अवैध पटाखे बरामद किए। इस दौरान ऐसन रजा पुत्र मुनीर हसन, निवासी बाजार भुआ, थाना कोतवाली, जौनपुर को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 264/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः बिहार के सिवान में अवैध पटाखा इकाई में भीषण विस्फोट, मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हुई