प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जेवर एयरपोर्ट बनेगा रोजगार केंद्र

जेवर एयरपोर्ट बनेगा रोजगार का बड़ा केंद्र, तीन सेक्टरों में बनेंगे इंटरनेशनल बिजनेस हब

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के शुरू होने के साथ ही अब क्षेत्र में रोजगार और कारोबार के नए रास्ते खुलने की तैयारी शुरू हो गई है।

जेवर एयरपोर्ट बनेगा रोजगार का बड़ा केंद्र तीन सेक्टरों में बनेंगे इंटरनेशनल बिजनेस हब

Infrastructure News |

ग्रेटर नोएडा।  नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के शुरू होने के साथ ही अब क्षेत्र में रोजगार और कारोबार के नए रास्ते खुलने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार एयरपोर्ट के पास सेक्टर-7, 8 और 8ए में चीन की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय बिजनेस और ट्रेड सेंटर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।

चीन के मॉडल पर होगा विकास

यमुना विकास प्राधिकरण को इस संबंध में “अर्न्स्ट एंड यंग” कंपनी ने एक विस्तृत स्टडी रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में चीन के झेजियांग प्रांत के यीवू शहर की इंटरनेशनल ट्रेड सिटी का उदाहरण दिया गया है। इसी मॉडल पर जेवर क्षेत्र में भी बड़ा व्यापारिक केंद्र विकसित करने का सुझाव दिया गया है।

एक ही जगह मिलेंगे सभी उत्पाद

योजना के तहत एक ऐसी मार्केट तैयार की जाएगी, जहां देशभर के अलग-अलग उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। इससे व्यापारियों और ग्राहकों को अलग-अलग शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कारोबार के साथ बढ़ेंगे रोजगार

दिल्ली-एनसीआर में अभी इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए नेहरू प्लेस, कपड़ों के लिए चांदनी चौक और फर्नीचर के लिए सहारनपुर जैसे बड़े बाजार मौजूद हैं। अब एयरपोर्ट के पास सभी प्रकार के उत्पादों का बड़ा ट्रेड सेंटर बनने से क्षेत्र में व्यापार के साथ रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे।

छह हिस्सों में बंटी है चीन की ट्रेड सिटी

रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन का यीवू बाजार छह बड़े हिस्सों में विकसित है। यहां खिलौने, ज्वैलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टेशनरी, कपड़े, जूते, ऑटो पार्ट्स और अन्य हजारों उत्पाद थोक स्तर पर उपलब्ध हैं। यही मॉडल अब यमुना सिटी में लागू करने की तैयारी है।

किराये पर दिए जाएंगे बिजनेस सेंटर

प्राधिकरण की योजना इन बिजनेस पार्कों को बेचने की बजाय किराये पर देने की है। इससे जरूरत के अनुसार उत्पादों और व्यापारिक गतिविधियों में बदलाव करना आसान होगा।

एयरपोर्ट के साथ विकसित होगी नई टाउनशिप

जेवर में अगले महीने से हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। एयरपोर्ट के आसपास नई टाउनशिप तेजी से विकसित की जा रही है। सेक्टर-7, 8 और 8ए को औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है। हालांकि अभी वहां बेहतर आवागमन सुविधाओं पर भी काम चल रहा है।

यह भी पढ़े: निर्यात बढ़ा, व्यापार घाटा भी बढ़ा

https://www.primenewsnetwork.in/india/trade-deficit-hits-2838-billion/205443

Related to this topic: