झालावाड़ के डोकरखेड़ा गांव में नकबजनी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और दो बकरियां बरामद की हैं।
झालावाड़ (राजस्थान)। राजस्थान के झालावाड़ से चोरी की वारदात का बड़ा खुलासा हुआ है। उन्हेल थाना क्षेत्र के डोकरखेड़ा गांव में हुई नकबजनी की वारदात को पुलिस ने सिर्फ 48 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और दो बकरियां बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के जेवरात समेत घर में बंधी बकरियां भी चोरी कर ली थीं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
घर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के जेवर और बकरियां चोरी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा ने बताया कि 29 अगस्त की रात डोकरखेड़ा निवासी राधूसिंह के मकान में चोरी हुई थी। पीड़ित के अनुसार, परिवार रात करीब 10 बजे खाना खाकर दूसरे मकान में सोने चला गया था। सुबह करीब 5:30 बजे वापस आने पर कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। तलाशी लेने पर नकदी, चांदी का कड़ा, चांदी की चैन सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके अलावा घर में बंधी 4-5 बकरियां भी चोरी कर ली गई थीं।
मुखबिर और तकनीकी सहायता से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना उन्हेल में नकबजनी की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, गोपनीय जांच और तकनीकी सहायता के आधार पर वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
19-19 साल के दो आरोपियों से चोरी का सामान और बकरियां बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र राजकुमार, उम्र 19 वर्ष तथा संजय उर्फ संजू पुत्र रामसिंह, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी लाबाखेड़ी कंजर डेरा, थाना गंगधार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और दो बकरियां बरामद की हैं। आरोपियों से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
यह भी पढ़ें: भारत कर रहा है BRICS समिट की मेजबानी AI और इनोवेशन पर रहेगा जोर