कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ओवैसी और हुमायूं कबीर ने मिलकर विधानसभा चुनाव में टीएमसी व भाजपा के खिलाफ संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने का फैसला किया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी और आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के सुप्रीमो हुमायूं कबीर ने आपसी तालमेल कर विधानसभा चुनाव में टीएमसी और भाजपा का मुकाबला करने का फैसला किया है। उन्होंने साझा बैठक कर यह तय किया।
पहली साझा सभा बहरमपुर में
वे मुस्लिम बहुल आबादी वाले इलाके मुर्शिदाबाद जिले के मुख्यालय बहरमपुर में एक अप्रैल को अपनी पहली साझा चुनावी सभा करेंगे।
ममता सरकार पर लगाए आरोप
बैठक के बाद एजेयूपी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर के साथ एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी पर मुस्लिम समुदाय के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समुदाय पहले की तरह की तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। मुस्लिम समुदाय में ही सबसे अधिक गरीबी और बेरोजगारी की समस्या है।
भाजपा पर भी साधा निशाना
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमेशा से मुस्लिम विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा केवल मुस्लिम समुदाय की ही नहीं, देश की सबसे बड़ी दुश्मन पार्टी है।
सीटों पर तालमेल कर उतारेंगे उम्मीदवार
हुमायूं कबीर ने कहा कि एआईएमआईएम और एजेयूपी विधानसभा की सीटों पर तालमेल कर टीएमसी और भाजपा के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट पर एजेयूपी ने पहले से ही अपना महिला उम्मीदवार खड़ा करने का ऐलान कर दिया है।
करीब 20 साझा सभाएं करेंगी पार्टियां
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां पूरे राज्य में करीब 20 साझा सभाएं करेंगी। दोनों पार्टियों के बीच सीटों का अंतिम बंटवारा शीघ्र हो जाएगा।
यह भी पढ़े: ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग की आलोचना की
https://www.primenewsnetwork.in/state/mamata-slams-bjp-ec-over-voter-list-row/151661