गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के किशनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय की सऊदी अरब में ड्रोन हमले में मौत हो गई। वह दम्माम एयरपोर्ट पर काम करते थे।
गोरखपुर: गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के किशनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय की सऊदी अरब में ड्रोन हमले में मौत हो गई। कमलेश पांडेय सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर काम करते थे। परिजनों के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात हुए ड्रोन हमले में वह इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को भारत लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में जुटे परिजन
कमलेश की मौत की खबर से उनकी पत्नी सुनीता देवी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बड़ी बेटी 14 साल की है, जबकि छोटी बेटी 10 साल की है। विदेश में परिवार की आजीविका के लिए काम करने गए कमलेश की असामयिक मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। कमलेश पांडेय का शव भारत लाने के लिए परिजन आवश्यक प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। परिवार को इंतजार है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द गांव लाया जा सके, ताकि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
ये भी पढ़ें- कार्बाइड गन बनाने और बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, NSA लगाने की भी चेतावनी