कानपुर के पतारा ब्लॉक स्थित बरनाव गोशाला में मजदूरी न मिलने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने प्रधानपति पर 9 हजार रुपये बकाया रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर: पतारा ब्लॉक की बरनाव बृहद गोशाला एक बार फिर विवादों में घिर गई है। कुछ दिन पहले वायरल वीडियो के बाद बीडीओ शिव नरेश राजपूत और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने निरीक्षण कर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का दावा किया था, लेकिन अब मजदूरी न मिलने का नया मामला सामने आने से प्रशासन के दावों की पोल खुल गई है। पीड़िता कमलावती पत्नी राधेलाल निवासी बरनाव ने चौकी प्रभारी पतारा को प्रार्थना पत्र देकर 9 हजार रुपये बकाया दिलाने की गुहार लगाई है। आरोप है कि प्रधानपति सुरेश सिंह सेंगर ने 9 हजार रुपये प्रतिमाह पर एक माह तक पशुओं की देखरेख व चारा-पानी का कार्य कराया, लेकिन भुगतान नहीं किया।
मजदूरी नहीं मिलने पर पीड़िता ने पुलिस से लगाई गुहार
पीड़िता का कहना है कि काम खत्म हुए कई महीने बीत चुके हैं। उसने कई बार प्रधान और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन मजदूरी नहीं मिली। मजबूर होकर उसे पुलिस की शरण लेनी पड़ी। इस मामले ने गोशाला प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि जब श्रमिकों का हक ही नहीं मिल रहा तो पशुओं की देखभाल कितनी होती होगी। वहीं, प्रधान पक्ष का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। गोशाला में सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। फिलहाल पतारा चौकी पुलिस ने प्रार्थना पत्र लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बात कर मामले का निस्तारण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सिरोही में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों में टक्कर के बाद लगी आग, तीन युवकों की मौत