कानपुर के नवाबगंज क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में वांछित दो बदमाशों को मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद में गोकशी करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। थाना नवाबगंज क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस ने थाना फजलगंज क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। सेंट्रल जोन पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है।
थाना नवाबगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज
दरअसल, दिनांक 07/08 अक्टूबर 2026 की रात में थाना नवाबगंज क्षेत्र में गोकशी की घटना हुई थी, जहाँ से पुलिस को गौ-अवशेष बरामद हुए थे। इस मामले में पुलिस ने तत्काल थाना नवाबगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के खुलासे के लिए स्वॉट, सर्विलांस, साइबर और थाना नवाबगंज पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गई थीं।
सेंट्रल जोन की पुलिस टीमों को किया अलर्ट
पुलिस की अथक मेहनत के बाद कल थाना नवाबगंज क्षेत्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया था। वहीं इस प्रकरण में वांछित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सेंट्रल जोन की पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया था। इसी क्रम में आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को थाना फजलगंज क्षेत्र में दो वांछित अभियुक्तों के छिपे होने की सूचना मिली।
दोनों अभियुक्त गोली लगने से घायल
सूचना मिलते ही थाना फजलगंज पुलिस, स्वॉट, सर्विलांस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए।
साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी
घायल अभियुक्तों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें: औरंगाबाद मेंपुलिस ने रेकी कर बंद घरों में चोरी करने वाले शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार