कटिहार रेल पुलिस ने दावा किया है कि जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई देवकुमार गुंजन की हत्या उनकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने करवाई है।
कटिहार: देश में पिछले कुछ समय से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें प्रेम संबंध के चलते पतियों की हत्या की साजिश रची गई। अब बिहार के कटिहार से भी एक ऐसे ही सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। यहां की रेल पुलिस का दावा है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची और चार लाख रुपये की सुपारी देकर चलती ट्रेन में गोली मरवा दी। इस पूरे मामले का खुलासा अब कटिहार रेल पुलिस ने किया है।
एक महीने पहले हुई थी विद्याकर्मी देवकुमार गुंजन की हत्या
कटिहार रेल पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई विद्याकर्मी देवकुमार गुंजन की हत्या कोई लूटपाट या रंजिश का मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे एक सोची-समझी साजिश थी। रेल एसपी हरि शंकर कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 11 जून को जमुई में पद स्थापित देवकुमार गुंजन अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने जनसाधारण एक्सप्रेस से जा रहे थे। तभी मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदला घाट के पास चलती ट्रेन में उन्हें गोली मार दी गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
चार लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई हत्या
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच में पुलिस के अनुसार, चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि समिता कुमारी का जहानाबाद निवासी अजीत कुमार के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के आरोप के मुताबिक, दोनों ने मिलकर चार लाख रुपये की सुपारी देकर राजू कुमार उर्फ धीरज से हत्या करवाई।
सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को किया गया गिरफ्तार
तय योजना के तहत चलती ट्रेन में देवकुमार गुंजन को गोली मारी गई। कटिहार रेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समिता कुमारी, उसके प्रेमी अजीत कुमार और सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। रेल एसपी के अनुसार, मुख्य शूटर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें- परिवहन विभाग ने बदला आदेश, औरंगाबाद में सुनंदा कुमारी ही रहेंगी DTO