प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

चलती ट्रेन में चोरी की वारदात को दिया अंजाम

MP News: चलती ट्रेन में हुई बड़ी वारदात, बैग काटकर निकाले सोने-चांदी के जेवरात

मध्य प्रदेश के कटनी जिला में एक बार फिर चोरी का मामला सामने आया है। जहां चोरों ने चलती ट्रेन में ही एक बैग से लाखों रुपये के गहने चुरा लिए।

mp news चलती ट्रेन में हुई बड़ी वारदात बैग काटकर निकाले सोने-चांदी के जेवरात

Theft News |

कटनी: मध्यप्रदेश में ट्रेनों में सफर करना अब यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर शातिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए नवदंपति के ट्रॉली बैग को धारदार हथियार से काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बैग को काटकर निकाला सारा सामान

जानकारी के मुताबिक, सागर निवासी अक्षय विश्वकर्मा अपनी पत्नी भारती विश्वकर्मा के साथ मैहर दर्शन कर 22181 गोंडवाना एक्सप्रेस के एस-3 कोच से सागर लौट रहे थे। ट्रेन में सवार होने के कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनके ट्रॉली बैग को काट दिया गया है और उसमें रखा जेवरों से भरा बैग गायब है। बता दें, कुछ दिन पहले ही एक सिंधी महिला के गले की सोने की चेन और ब्रेसलेट चोरी की घटना के आरोपियों का अब तक सुराग भी नहीं लग पाया था कि बदमाशों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।

कई तोला सोना हुआ था चोरी

घटना की सूचना मिलते ही कटनी निवासी उनके जीजा सत्येंद्र विश्वकर्मा जीआरपी थाने पहुंचे, लेकिन मुख्य फरियादी के ट्रेन में होने के कारण उन्हें सागर जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामान में करीब डेढ़ तोले का सोने का हार, एक तोले की सोने की झुमकी का सेट, लगभग 400 ग्राम की चांदी की करधनी और 12 जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।

पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा

वहीं, जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि 139 हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज हुई है। सागर जीआरपी में जीरो पर मामला दर्ज होने के बाद केस कटनी GRP थाने में केस स्थानांतरित किया जाएगा। फिलहाल मुड़वारा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस का दावा है कि शातिर चोरों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

ये भी पढ़ें- 24 घंटे की तलाश के बाद नहर से मिला बुजुर्ग का शव, दुर्गापुर में छाया मातम
 

Related to this topic: