प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मोदी सरकार के 12 साल

कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन

कानपुर नगर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केन्द्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन

Keshav Prasad Maurya Inaugurates Exhibition in Kanpur |

कानपुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज बुधवार को कानपुर नगर स्थित वृजेन्द्र स्वरूप पार्क में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन कर मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की।

महिला कारीगरों और उद्यमियों का बढ़ाया उत्साह

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने प्रदर्शनी परिसर में स्थानीय महिला कारीगरों द्वारा निर्मित स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिली है। आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला कारीगरों को उनके उत्पादों के विपणन एवं विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बीच पहुंचे उपमुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सहभागिता करते हुए गर्भवती महिलाओं को ‘पौष्टिक आहार’ वितरित किया तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया और बच्चों को खिलौने वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर उपस्थित परिवारों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

12 वर्षों की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत ने आयातक से निर्यातक बनने की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज देश स्वदेशी तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता के बल पर आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है तथा विश्व के अनेक देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात कर रहा है।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की सफलता पर जोर

उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। रक्षा उत्पादन, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और गरीब उत्थान जैसे क्षेत्रों में भारत ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। केन्द्र और उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनसेवा, विकास और सुशासन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विकसित भारत के निर्माण में सहभागिता का आह्वान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में नियमों की धज्जियां उड़ाने पर 6 महीने के लिए ओला का लाइसेंस सस्पेंड

Related to this topic: