फतेहपुर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फतेहपुर में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए घोषणा पत्र के ऐलान पर तंज कसते हुए कहा, "100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।" वहीं राहुल गांधी पर विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव 26 नवंबर को पीडीए का घोषणा पत्र जारी करने की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का बोर्ड हटाया गया और नाम बदल दिया गया। ऐसे में अखिलेश यादव बाबा साहब के अनुयायी होने का दावा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जो लोग बाबा साहब के नाम और सम्मान की रक्षा नहीं कर सके, वे दलितों और पिछड़ों के सच्चे हितैषी नहीं हो सकते।
केशव मौर्य का राहुल गांधी पर हमला
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने और माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में नकारे जा चुके नेता भाजपा का राजनीतिक मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए आंदोलनों के जरिए देश का वातावरण बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस तरह की राजनीति की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे आंदोलनों के सहारे राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते।
केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन आंदोलनों का समर्थन करने से अखिलेश यादव भी दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। सीजेआई आंदोलन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने इन मांगों को बकवास करार देते हुए आरोप लगाया कि भारत की प्रगति से परेशान विदेशी शक्तियों के इशारे पर देश में साजिश रची जा रही है।
ये भी पढ़ें- सिरोही के पूर्व कांग्रेस विधायक संयम लोढ़ा को जान से मारने की मिली धमकी