छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत आज सोमवार को कोरबा जिले में मतदान की प्रक्रिया सुबह से ही पूरी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में जारी है।
कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत आज सोमवार को कोरबा जिले में मतदान की प्रक्रिया सुबह से ही पूरी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। जिले के कुल 11 रिक्त पदों पर सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद लोकतंत्र के इस उत्सव में ग्रामीणों की भागीदारी देखने लायक है।

बिंझरा क्षेत्र में सुबह से लगी लंबी कतारें
उपचुनाव को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह बिंझरा जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 में देखने को मिल रहा है। यहां सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग, सुबह की ठंडक का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुँचे। बिंझरा क्षेत्र की 3 ग्राम पंचायतों के मतदाता कुल 8 बूथ केंद्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

जेल की सलाखों के पीछे से चुनावी मैदान में मुश्ताक अहमद
इस उपचुनाव में कोरबा जिले की एक सीट पूरे प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बन गई है। भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुश्ताक अहमद इस समय जेल में बंद है, लेकिन उसने जेल में रहते हुए ही इस बार चुनावी मैदान में ताल ठोकी है। आरोपी मुश्ताक का जेल से चुनाव लड़ना पूरे क्षेत्र में कौतूहल और तीखी बहस का विषय बना हुआ है, जिसकी वजह से इस सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस अलर्ट पर
संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी और प्रशासनिक अमला लगातार मैदानी स्तर पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में पुलिस बल द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और मतदाता बिना किसी डर के अपने मत का प्रयोग कर सकें।
यह भी पढ़ें: राबड़ी देवी के सरकारी बंगले पर बढ़ी सियासत, रामकृपाल यादव बोले- कानून सबके लिए बराबर