मुरैना। जिले में मिलावटी दूध के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई की है। किशनपुर इलाके में संचालित एक डेयरी पर छापामार कार्रवाई कर...
मुरैना। जिले में मिलावटी दूध के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई की है। किशनपुर इलाके में संचालित एक डेयरी पर छापामार कार्रवाई कर मिलावटी दूध बनाने का खुलासा किया है। जांच में पता चला कि डेयरी का दूध आरएफ केमिकल और रिफाइंड जैसे खतरनाक पदार्थों से तैयार किया जा रहा था।
मौके से तीन सेंपल लिये
खाद्य विभाग की टीम ने मौके से दूध के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित डेयरी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
गुपचुप तरीके से गांव में चल रही थी डेयरी
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह डेयरी गांव के भीतर गुपचुप तरीके से संचालित की जा रही थी। यहां बड़ी मात्रा में केमिकल, रिफाइंड और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली है, जिनका उपयोग दूध की मात्रा और रंग बढ़ाने के लिए किया जा रहा था।
ड्रम, कंटेनर आदि भी जब्त किये
कार्रवाई के दौरान टीम ने दूध बनाने में उपयोग हो रहे ड्रम, केमिकल के कंटेनर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और जेल का प्रावधान भी है।
जानलेवा असर हो सकता है
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के केमिकल युक्त दूध का सेवन बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे पेट की गंभीर बीमारियों के साथ-साथ लंबे समय में जानलेवा असर भी पड़ सकता है।
चलेगा अभियान, डेयरी की जानकारी देने की अपील
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध दूध या डेयरी की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/amit-shah-attacks-cm-mamata-banerjee/131329