भोपाल। मध्यप्रदेश में विमानन नीति-2025 के तहत अब विंध्य क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के बीच की दूरी कम हो गई है...
भोपाल। मध्यप्रदेश में विमानन नीति-2025 के तहत अब विंध्य क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के बीच की दूरी कम हो गई है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रीवा से रायपुर के लिए सीधी नई उड़ान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। यह हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम है।
प्रदेश में नए युग का आगाज
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अब कनेक्टिविटी के नए युग में प्रवेश कर चुका है। रीवा, सतना और दतिया जैसे शहरों के जुड़ने के बाद अब मध्यप्रदेश में कुल 8 हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बहुत जल्द उज़्जैन और शिवपुरी में भी नए एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो जाएगा। इन दोनों एयरपोर्ट्स के तैयार होने के बाद प्रदेश में कुल हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।
हर 75 किमी पर हवाई पट्टी
सरकार का लक्ष्य हर 150 किलोमीटर के दायरे में एक एयरपोर्ट और हर 75 किलोमीटर पर एक एयरस्ट्रिप (हवाई पट्टी) विकसित करना है।
विमानन नीति-2025
प्रदेश की नई विमानन नीति के तहत न केवल बड़े शहरों बल्कि धार्मिक और पर्यटन केंद्रों को भी हवाई मार्ग से जोड़ा जा रहा है। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह 72 सीटर विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) उपलब्ध रहेगी। केंद्र की 'उड़ान' योजना के तहत इसका किराया किफायती रखा गया है, जिससे आम आदमी भी हवाई यात्रा का लाभ उठा सके।
पर्यटन को भी बढ़ावा
उज्जैन में एयरपोर्ट बनने से महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं शिवपुरी के पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी। मध्यप्रदेश अब देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल होने जा रहा है, जहाँ सबसे सुदृढ़ क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी (Regional Connectivity) उपलब्ध है। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/ias-officers-from-mp-deployed-for-assembly-elections-in-states/150003