प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

55 लाख से ज्यादा का नुकसान

मध्यप्रदेश : मुरैना में आंधी का कहर, मिनटों में जमींदोज हुआ प्लांट

प्रारंभिक आकलन में करोड़ों के कारोबार को संचालित करने वाले इस प्लांट को भारी आर्थिक क्षति पहुंचने की बात सामने आई है।

मध्यप्रदेश  मुरैना में आंधी का कहर मिनटों में जमींदोज हुआ प्लांट

 मुरैना /पोरसा। ग्राम पंचायत रजोधा के मांधाता पुरा में 9 जून की रात करीब 8 बजे आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते एमआर ट्रेडिंग कंपनी एवं केडी फूड प्रोडक्ट्स का स्नैक्स निर्माण प्लांट पूरी तरह से धराशायी हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में प्लांट को 55 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

तूफान आते ही कर्मचारी भागकर बाहर निकल गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि प्लांट की संरचना कुछ ही मिनटों में जमींदोज हो गई। प्लांट में स्थापित उत्पादन मशीनें, विद्युत उपकरण, तैयार स्नैक्स सामग्री और अन्य जरूरी संसाधन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई तैयार उत्पाद तेज हवाओं के साथ 2 से 3 किलोमीटर दूर तक उड़ गए। गनीमत रही कि मौसम खराब होते ही प्लांट संचालक आनंद सिंह तोमर एवं अभिषेक सिंह तोमर सहित वहां कार्यरत श्रमिक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई। यदि कर्मचारी अंदर मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्लांट को भारी आर्थिक क्षति

घटना की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी प्रवीण खान 10 जून की सुबह मौके पर पहुंचे और नुकसान का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। प्रारंभिक आकलन में करोड़ों के कारोबार को संचालित करने वाले इस प्लांट को भारी आर्थिक क्षति पहुंचने की बात सामने आई है। पीड़ित संचालकों का कहना है कि यह प्लांट क्षेत्र के कई परिवारों के रोजगार का माध्यम था। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने न केवल उनका व्यवसाय प्रभावित किया है, बल्कि यहां कार्यरत श्रमिकों की आजीविका पर भी संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य शासन से विशेष राहत पैकेज, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है ताकि प्लांट को पुनः शुरू कर स्थानीय लोगों के रोजगार को बचाया जा सके। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस बड़े नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित उद्योग को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां दोबारा पटरी पर लौट सकें।

इसे भी पढ़ेंः  बीएलएफ ने पीओके की जनता की पाकिस्तान से आजादी की मांग का समर्थन किया

Related to this topic: