महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में रात 12 बजे के बाद सक्रिय होने वाला चोरों का गिरोह खेतों में लगे ट्यूबवेल और बोरवेल को निशाना बना रहे हैं।
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम गधा भाठा में इन दिनों किसानों पर चोरों का कहर टूट पड़ा है। रात 12 बजे के बाद सक्रिय होने वाला चोरों का गिरोह खेतों में लगे ट्यूबवेल और बोरवेल को निशाना बना रहे हैं। चोर बोर पाइप को खींचकर तोड़फोड़ कर रहे हैं और सबमर्सिबल पंप, कॉपर केबल समेत अन्य सामान चोरी कर ले जा रहे हैं।
धनिया की खेती से पहले चोरों ने तोड़े पाइप
गधाभाठा निवासी नित्यानंद प्रधान ने रोते हुए मीडिया को बताया कि धान की फसल कटने के बाद वे धनिया खेती की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच देर रात चोरों ने उनके खेत में लगे बोरवेल को पाताल से खींचकर उखाड़ दिया। चोरों ने बोर में लगे सभी 13 पाइप तोड़ दिए और सबमर्सिबल मोटर व केबल चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनका हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। अब वे धनिया की खेती लगाने से भी वंचित हो गए हैं। नित्यानंद प्रधान एक लघु कृषक हैं और इस घटना के बाद सदमे में हैं।
संगठित चोर गिरोह की आशंका, गांव में दहशत
घटना की सूचना मिलने के बाद गधाभाठा के सरपंच पंच कोटवार समेत ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इलाके में सक्रिय कोई संगठित चोर गिरोह लगातार किसानों को निशाना बना रहा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। किसानों को डर सता रहा है कि अगली रात किसके खेत का बोर मोटर चोरी हो जाएगा।
अपने खेतों से मोटर घर ले जा रहे किसान
चोरी की घटनाओं से भयभीत किसान अब अपने खेतों से सबमर्सिबल मोटर निकालकर घर में रखने लगे हैं। गांव में जहां नजर डालो, किसान खेतों से बोर मोटर निकालकर घर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। गांव के सीमांत किसान रूपानंद साव ने बताया कि उनके पांच ट्यूबवेल हैं और डर के चलते उन्होंने सभी मोटरों को खेत से निकालकर घर में सुरक्षित रख लिया है।
लाइनमेंन और ग्रामीण भी चोरी की आशंका से सतर्क
क्षेत्र के लाइनमेंन सहयोगी मनोज प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया, "मै भी खेत से सबमर्सिबल पंप को निकाल कर घर लाया हूँ, क्या पता आज रात चोर मेरे खेत से बोर मोटर को चोरी करके न ले जाए। उन्होंने आगे भी बताया की गेर्राभाठा में बोर चोरी की घटना की सूचना बिजली कंट्रोल रूम को मिल रही है। समाचार लिखें जाने तक गोर्राभाठा गांव के कई किसान आज 28 मई को भी अपने अपने खेतोँ से बोर मोटर निकालते हुए नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अम्यूज़मेंट पार्क में अचानक टूटा विशाल झूला, दो बच्चों समेत 5 पर्यटक गंभीर रूप से घायल