प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

हादसे के समय घर में मौजूद थे परिवार के सभी सदस्य

मैहर में भीषण सड़क हादसा: मैजिक से टकराकर घर में घुसा ट्रक, बाल-बाल बचा परिवार

मध्यप्रदेश के मैहर में हरनामपुर बाईपास पर मंगलवार सुबह मैजिक और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक एक रिहायशी मकान में जा घुसा, जिससे मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पढ़ें पूरी खबर...

मैहर में भीषण सड़क हादसा मैजिक से टकराकर घर में घुसा ट्रक बाल-बाल बचा परिवार

दीवार तोड़कर घर में घुसा ट्रक |

मैहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरनामपुर बाईपास पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मैजिक वाहन और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रिहायशी मकान में जा घुसा। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक पहुंच गया और मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, घर के भीतर मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

सुबह करीब 10 बजे हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे हरनामपुर बाईपास स्थित सिमरन सरोवर होटल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि जबलपुर से सतना की ओर जा रहा मैजिक वाहन और रेलवे साइडिंग क्षेत्र से जबलपुर की ओर जा रहा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद ट्रक चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा।

मकान में घुसा ट्रक, मची अफरातफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक सड़क से उतर गया और सड़क किनारे अविनाश दाहिया के मकान की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते ट्रक ने मकान की दीवार तोड़ दी और अंदर जा घुसा। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़े स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में आ गए, लेकिन सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची।

सड़क पर बिखर गया लाखों का सामान

हादसे के बाद मैजिक वाहन में लदा सामान सड़क पर बिखर गया। सड़क पर डिब्बे, पैकेट और अन्य सामग्री फैल जाने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोगों ने बिखरे सामान को सुरक्षित रखने में भी सहयोग किया।

हादसे में दोनों चालकों को आईं मामूली चोटें

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई तथा यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। हादसे में मैजिक चालक प्रमोद मेहरा (35 वर्ष), निवासी बड़ा बेलखेड़ा, जबलपुर तथा ट्रक चालक मिथलेश शाहू को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर उठे सवाल 

हादसे के बाद एक बार फिर हरनामपुर बाईपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे यहां सुरक्षा उपायों और यातायात नियंत्रण की जरूरत महसूस की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
 

Related to this topic: