प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

POCSO केस में आरोपी पर शिकंजा

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

मैहर पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

Main Accused Arrested Within 48 Hours in Minor Girl Harassment Case in Maihar |

मैहर,(मध्य प्रदेश)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मैहर पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक (नाबालिग) को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।

विरोध करने पर आरोपियों ने की मारपीट

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को पीड़िता ने परिजनों के साथ थाना ताला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में दो युवकों ने उसका रास्ता रोककर गलत नीयत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।

BNS एवं POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज

शिकायत मिलते ही थाना ताला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर तथा एसडीओपी अमरपाटन सुश्री ख्याति मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी ताला निरीक्षक महेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की मोटरसाइकल भी जब्त

पुलिस ने आरोपी कमल रावत (20 वर्ष), पिता सुशील कोल, निवासी ताला टिकुरी टोला, थाना ताला को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-19-NF-2274) भी जब्त कर ली है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं विधि उल्लंघनकर्ता बालक को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई

मैहर पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। 

यह भी पढ़ेंः बैतूल स्टेशन पर आरपीएफ जवान की बहादुरी, चलती ट्रेन के नीचे जाने से यात्री को बचाया

Related to this topic: