Madhya Pradesh : मध्यप्रदेश खंडवा जिला के पंधाना तहसील अंतर्गत ग्राम फतेहपुर में रविवार को एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
खंडवा के गांव फतेहपुर में बड़ा हादसा टला, ढोल-डीजे से बेकाबू घोड़ी कुएं में गिरी, दूल्हे ने कूदकर बचाई जान
|
Madhya Pradesh : मध्यप्रदेश खंडवा जिला के पंधाना तहसील अंतर्गत ग्राम फतेहपुर में रविवार को एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारात में शामिल घोड़ी अचानक बेकाबू होकर पास ही स्थित एक खुले कुएं में जा गिरी। गनीमत रही कि दूल्हे ने समय रहते घोड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार ग्राम आवल्या विठ्ठल से बारात फतेहपुर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे बारात के दौरान दूल्हे को घोड़ी पर बैठाया गया। ढोल-डीजे की तेज आवाज पर बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे, तभी अचानक तेज संगीत से घोड़ी घबरा गई और संतुलन खो बैठी।
दूल्हे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घोड़ी से छलांग लगा दी। इसके कुछ ही क्षण बाद घोड़ी पास ही स्थित खुले कुएं में गिर गई, जिसमें पानी भी भरा हुआ था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि यह कुआं गांव से लगी कोटवार की शासकीय भूमि पर स्थित है। करीब दो वर्ष पूर्व इसी कुएं में एक बैल भी गिर चुका है।
कुछ माह पहले इसी क्षेत्र के कोडावद हादसे के दौरान ग्रामीणों ने इस खुले कुएं को लेकर ग्राम पंचायत सचिव कैलाश पटेल को अवगत भी कराया था, लेकिन पंचायत द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले कुएं पर शीघ्र सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-announces-175-million-economic-package-for-seychelles/132703