प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा

उमरिया में अवैध मुरूम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, टीबीसीएल कंपनी के तीन डंपर और पोकलेन जब्त

उमरिया के नौरोजाबाद क्षेत्र में अवैध मुरूम उत्खनन की सूचना पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

उमरिया में अवैध मुरूम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई टीबीसीएल कंपनी के तीन डंपर और पोकलेन जब्त

Major Action Against Illegal Murrum Mining in Umaria, Three Dumpers and Poklane Seized |

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (एनएच-43) के किनारे कथित रूप से चल रहे अवैध मुरूम उत्खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान टीबीसीएल कंपनी के तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

बिना वैध अनुमति के मुरूम का उत्खनन

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि एनएच-43 के किनारे बिना वैध अनुमति के मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीएम मीनाक्षी बंजारे राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान भारी मशीनों से मुरूम की खुदाई होती मिली और डंपरों के जरिए उसके परिवहन की तैयारी की जा रही थी।

तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन जब्त

मौके पर एसडीएम ने कंपनी के प्रतिनिधियों से उत्खनन और खनिज परिवहन से संबंधित अनुमति व अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा। हालांकि कंपनी की ओर से कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया।

संबंधित कंपनी के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

प्रशासन का कहना है, कि बिना वैध अनुमति खनिज उत्खनन और परिवहन नियमों का उल्लंघन है। मामले की जांच जारी है और संबंधित विभागों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो नियमानुसार संबंधित कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वाहनों को कब्जे में लेकर हो रही अग्रिम कार्रवाई

फिलहाल जब्त किए गए सभी वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः उमरिया में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई आर्टिका कार; पांच लोगों की मौत

Related to this topic: