भोपाल। राजधानी के गांधीनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।
भोपाल। राजधानी के गांधीनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अस्पताल परिसर धुएं से भर गया, जिसके बाद आनन-फानन में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
काला धआं देख बाहर भागे लोग
यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले अस्पताल के पिछले हिस्से में लगी, जिसके बाद काला धुआं ओपीडी (OPD) क्षेत्र और जनरल वार्ड तक पहुंच गया। धुएं को देखते ही अस्पताल के अंदर मौजूद मरीज, उनके परिजन, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ जान बचाने के लिए बाहर खुले मैदान की ओर भागे।
मरीजों को भी दूसरे जगह भेजा गया
आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए हैं। 8 गंभीर मरीजों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से संतनगर (बैरागढ़) सिविल अस्पताल में शिफ्ट किया गया। हादसे के समय वार्ड में कई अन्य मरीज भी भर्ती थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अस्पताल में रखी भारी मात्रा में दवाएं और रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रत्याक्षदर्शी ने कहा कि धुआं फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए मरीजों को बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़े: रीवा में किडनी रैकेट, 56 लाख की ठगी
https://www.primenewsnetwork.in/state/kidney-racket-in-rewa-scams-56-lakh/153832