मंडला जिले में नर्मदा नदी में डूबने से 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को स्थानीय मछुआरों ने मशक्कत के बाद बचा लिया।
मंडला (मध्यप्रदेश): सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के दौरान रपटा घाट एनीकट में बड़ा हादसा हो गया। नर्मदा नदी में डूबने से 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को स्थानीय मछुआरों ने मशक्कत के बाद बचा लिया। इस घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज बहाव की चपेट में आने से युवक की मौत
सोमवती अमावस्या पर हजारों श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए मंडला के रपटा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप बिंझिया निवासी 18 वर्षीय भारत पटेल अपने साथियों के साथ एनीकट के गहरे हिस्से में पहुंच गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा।
घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। ना तो यहां बैरिकेडिंग थी और न ही तत्काल रेस्क्यू टीम पहुंच पाई। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद मछुआरे बिना देरी किए नदी में कूद पड़े और दो युवकों की जान बचा ली। हालांकि, काफी मशक्कत के बावजूद भारत पटेल को नहीं बचाया जा सका। उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं करने के आरोप
बड़ा सवाल है कि जब प्रशासन को पहले से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अंदेशा था, तब संवेदनशील और गहरे इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए? न मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग दिखाई दी, न चेतावनी बोर्ड और न ही त्वरित रेस्क्यू की व्यवस्था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मछुआरे मदद के लिए आगे नहीं आते तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।