कोलकाता में ममता बनर्जी ने अमित शाह और चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं और बंगाल को बदनाम किया जा रहा है।
कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिघी और सूती में चुनावी सभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि मेरे तमाम अधिकार छिन लिए गए हैं। मैं कुछ नहीं कर पा रही हूं। पश्चिम बंगाल में जो कुछ हो रहा है उसके लिए वे जिम्मेदार हैं, जिन्होंने मेरे अधिकार छीन लिए हैं। पश्चिम बंगाल पर कब्जा करने के लिए इसे बदनाम किया जा रहा है। इस राज्य का सर्वनाश किया जा रहा है। मालदा की घटना निंदनीय है। उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए, जिनके कारण यह हुई है।
अलिखित आपात जैसी स्थिति का आरोप
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पश्चिम बंगाल में अलिखित आपात जैसी स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि ऊपर से लेकर नीचे तक तमाम प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को हटा दिया गया है। शीर्ष अधिकारियों को केरल और तमिलनाडु में भेज दिया गया है। उनके रहते आज जैसी घटनाएं नहीं होतीं।
नए अधिकारी स्थिति समझ नहीं पा रहे
उन्होंने कहा कि जो नए अधिकारी लाए गए हैं, वे समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करना चाहिए, क्या नहीं। विकट स्थिति है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने इस मलाल को भी प्रकट कर दिया कि इस राज्य में चुनी हुई सरकार मौजूद है, लेकिन उसे अंधकार में रखकर प्रशासन और पुलिस से संबंधित कदम उठाए जा रहे हैं।
शांति बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से अपील की कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखें। कोई ऐसी वारदात न हो, जिससे उनके अधिकार छिन जाएं। इस राज्य पर कब्जा करने वाले अराजकता और हिंसा की घटनाएं कराने की साजिश कर रहे हैं। उनसे सावधान रहने की जरूरत है। उनके बहकावे में नहीं पड़ना है।
विपक्षी नेताओं पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यहीं के कुछ लोग दिल्ली के दलाल हो गए हैं। वे बंगाल का नुकसान कर ही रहे हैं, अपना भी नुकसान कर रहे हैं। कुछ लोग दिल्ली से कुछ पाकर और लालच में उसके लिए काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा के बंगाल के नेताओं के साथ विरोधी पार्टियों के नेताओं को एक साथ घेरा।
यह भी पढ़े: ऑनलाइन पेमेंट में टू-वे सुरक्षा लागू
https://www.primenewsnetwork.in/india/two-way-authentication-for-safer-payments/153913