प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर बड़ी कार्रवाई

चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर बड़ी कार्रवाई, 400 आपत्तिजनक वीडियो-फोटो के साथ आरोपी गिरफ्तार

डीडवाना-कुचामन जिले की चितावा थाना पुलिस ने बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चितावा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

चाइल्ड पोर्नोग्राफी पर बड़ी कार्रवाई 400 आपत्तिजनक वीडियो-फोटो के साथ आरोपी गिरफ्तार

Man Arrested by Chitawa Police for Child Pornography |

डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। डीडवाना-कुचामन जिले की चितावा थाना पुलिस ने बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चितावा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में करीब 400 आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बरामद हुए हैं, जो बच्चों के शोषण और लैंगिक अपराधों से संबंधित पाए गए।

आरोपी के मोबाइल से मिले 1000 से अधिक वीडियो और फोटो

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुकेश कड़वा पुत्र बोदूराम (30 वर्ष), निवासी सुजानपुरा, थाना चितावा है। आरोपी के मोबाइल में 1000 से अधिक वीडियो और सैकड़ों फोटो मिले, जिनमें से लगभग 400 वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी और अश्लील सामग्री से संबंधित पाए गए। जांच के दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप भी सामने आया, जिसमें कई सदस्य जुड़े हुए थे और वहां भी नाबालिगों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

गत 28 मई 2026 को चितावा थानाधिकारी तेजाराम पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने मोबाइल में चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित वीडियो देख रहा है और उसके पास बड़ी मात्रा में ऐसी सामग्री मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। मोबाइल की जांच में बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67, 67A, 67B तथा पोक्सो एक्ट की धारा 15 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच कुचामन थाना प्रभारी सतपाल सिंह कर रहे हैं।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत: एसपी

पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव (IPS) ने कहा कि बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री रखना, डाउनलोड करना, साझा करना या सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर और दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि इस तरह की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने कहा कि बच्चों के शोषण से जुड़ी डिजिटल सामग्री के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है। साइबर प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर इस प्रकार की सामग्री साझा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

वृताधिकारी (डीएसपी) मुकेश चौधरी ने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी निगरानी जरूरी है। पुलिस तकनीकी संसाधनों के माध्यम से ऐसे नेटवर्क और ग्रुप्स की पहचान कर रही है, जो बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार करते हैं। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी तेजाराम, हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल हेमाराम, कांस्टेबल राकेश तथा कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे।

बाल सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री को न तो डाउनलोड करें, न ही किसी माध्यम से साझा करें। ऐसा करना कानूनन अपराध है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

यह भी पढ़ें: एबीवीपी ने 32 सूत्रीय मांगों को लेकर आबूरोड राजकीय महाविद्यालय के बाहर दिया धरना

Related to this topic: