डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स के ज़रिए देश भर की सैकड़ों महिलाओं को निशाना बनाकर 2 करोड़ ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली। डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स के ज़रिए देश भर की सैकड़ों महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी किए जाने का एक मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को इस मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने देश भर से करीब 500 महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे करीब ₹2 करोड़ रुपये की ठगी की।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला है आरोपी आनंद कुमार
दक्षिण-पश्चिम ज़िले की साइबर पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। यह काफी समय से हनी-ट्रैपिंग, रोमांस स्कैम और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल था। पुलिस ने बताया कि इसने महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए सोशल मीडिया पर कई फ़र्ज़ी प्रोफ़ाइल बनाई थीं। इनमें वह खुद को डॉक्टर, कारोबारी या फ़िल्म प्रोड्यूसर बताता था।

महिलाओं से शादी का वादा कर बनाता था भावनात्मक रिश्ते
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, "आरोपी पीड़ितों से प्यार और शादी का वादा कर उनके साथ भावनात्मक रिश्ते बनाता था। बाद में वह मेडिकल इमरजेंसी, कारोबार में नुकसान या पैसों की तत्काल ज़रूरत जैसी मनगढ़ंत कहानियाँ सुनाकर उनसे पैसे ऐंठता था।" कई मामलों में आरोपी आनंद कुमार ने कथित तौर पर पीड़ितों को उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो ऑनलाइन वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल भी किया।
एक पीड़िता की शिकायत के बाद हुआ मामले का खुलासा
पुलिस ने बताया कि एक पीड़िता की शिकायत के बाद यह मामला सामने आया, जिसमें उसने करीब ₹7 लाख के नुकसान का आरोप लगाया था। अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग का इस्तेमाल कर आरोपी का पता लगाया और उसे पश्चिम बंगाल के 24 परगना इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्ज़े से चार मोबाइल फ़ोन, आठ सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और सोने के गहने बरामद किए हैं। फिलहाल मामले में आगे की जाँच जारी है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/lok-sabha-clears-key-constitutional-amendment-bills/174769
लोकसभा में पेश हुए तीन महत्वपूर्ण विधेयक, विपक्ष की मांग पर हुआ मत विभाजन