जिले में एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। रायसेन से राहतगढ़ के बीच बन रहे स्टेट हाईवे पर एक बाइक सवार युवक निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिर गया।
रायसेन। जिले में एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। रायसेन से राहतगढ़ के बीच बन रहे स्टेट हाईवे पर एक बाइक सवार युवक निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिर गया। इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान भोपाल निवासी 32 वर्षीय अब्दुल कय्यूम के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था।
दर्दनाक मौत
निर्माणाधीन पुलिया में सुरक्षा इंतजामों की कमी या अंधेरे के कारण बाइक सीधे गहराई में जा गिरी। पुलिया के निर्माण के लिए निकले हुए लोहे के सरिये युवक के शरीर में कई जगह घुस गए, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अब्दुल कय्यूम ईद मनाने अपने घर भोपाल आये थे। इस दुखद हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह नकतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। स्थानीय लोगों और रिपोर्ट के अनुसार, इसी स्थान पर महज एक दिन पहले एक मिनी ट्रक भी गिरा था। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद निर्माण स्थल पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग न होना ठेकेदार और विभाग की बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mamata-banerjee-slams-election-commission-over-bias/151403
ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर हमला, निष्पक्षता पर उठाए सवाल