प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में संदिग्ध मौत से सनसनी

रायबरेली में घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, सिर पर चोट के निशान

रायबरेली के उमरपुर गांव में रामकिशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रायबरेली में घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव सिर पर चोट के निशान

जांच करती पुलिस |

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक घर के कमरे में एक व्यक्ति का संदिग्थ हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

​गजियापुर का रहने वाला था मृतक

​जानकारी के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त रामकिशोर पुत्र छंगालाल निवासी गजियापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामकिशोर पिछले दो दिनों से अपनी बाइक से उमरपुर गांव आ रहा था। रविवार को वह उमरपुर गांव निवासी शिवम पुत्र छविनाथ के घर पहुंचा था।

​शराब पीने के दौरान विवाद की आशंका

​ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को रामकिशोर और शिवम कमरे में बैठकर एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शराब पीने के दौरान घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाजें भी सुनाई दी थीं, लेकिन कुछ देर बाद अचानक सन्नाटा छा गया। कमरे के अंदर खाने-पीने का सामान और खाना भी बिखरा हुआ मिला है।

बछरावां पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची

​घटना की सूचना मिलते ही बछरावां पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली, जहां रामकिशोर का शव पड़ा मिला। रविवार की रात्रि करीब 10:00 बजे पुलिस मृतक के शव को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मारपीट में मौत की आशंका

​बछरावां थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतक की शिनाख्त हो चुकी है और प्रथम दृष्टता शराब पीने के दौरान हुई मारपीट में मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने नशे की हालत में मिले मकान मालिक शिवम को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पुख्ता पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ेंः हाथरस में ATM तोड़कर चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Related to this topic: