सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में खेत के पास पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव मनोहरपुर स्थित रेस्ट एरिया के समीप लौकी के खेत में सोमवार को करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टाइम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतेन्द्र नागर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए।
रविवार शाम करीब चार बजे से थे लापता
पुलिस जांच में मृतक की पहचान राजवीर (राजबीर) सैनी पुत्र भरत सिंह सैनी निवासी ग्राम बादशाहपुर, थाना बिहारीगढ़ के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार राजवीर रविवार शाम करीब चार बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की। सोमवार को मनोहरपुर के जंगल क्षेत्र में यूकेलिप्टस के पेड़ से उनका शव लटका मिला।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी
शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्राधिकारी बेहट प्रिया यादव ने बताया कि पीआरवी को ग्राम मनोहरपुर के जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना बिहारीगढ़ पुलिस और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: इटावा हाईवे पर भीषण हादसा: कंटेनर से टकराया ट्रक, चालक गंभीर घायल