फतेहपुर शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आकाश होटल में देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आकाश होटल में देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब युवक की प्रेमिका ने गूगल से होटल का नंबर निकालकर होटल कर्मचारियों को फोन कर बताया कि युवक कमरे में फांसी लगा चुका है। सूचना मिलते ही होटल में हड़कंप मच गया।
घर से कानपुर जाने का कहकर निकला था युवक
जानकारी के अनुसार अंकित द्विवेदी (32) पुत्र प्रेम बाबू द्विवेदी, निवासी देवीगंज, राधानगर, घर से कानपुर जाने की बात कहकर निकले थे। लेकिन वह शहर के आकाश होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि देर रात वह अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने कमरे में फांसी लगा ली।
प्रेमिका ने फोन कर होटल संचालक को दी जानकारी
सूत्रों के मुताबिक युवक की प्रेमिका ने घटना होते देख तत्काल गूगल के माध्यम से होटल का संपर्क नंबर प्राप्त किया और होटल संचालक को फोन कर युवक द्वारा फांसी लगाने की जानकारी दी। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवक के शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया। पुलिस ने कमरे की जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
होटल संचालक आकाश ने बताया कि युवक ने होटल में ठहरने के दौरान जो आधार कार्ड उपलब्ध कराया था, उसमें उसका पता दिल्ली का अंकित था। घटना के बाद पुलिस युवक की वास्तविक पहचान, होटल में आने के कारणों और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।