सैफई में युवक पर हमले के कुछ घंटे बाद उसके करीबी दोस्त को मैनपुरी में गोली मार दी गई।
सैफई/मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)। सैफई थाना क्षेत्र में युवक पर हुए हमले के महज पांच घंटे बाद उसके करीबी दोस्त को मैनपुरी जनपद के थाना कुर्रा क्षेत्र में गोली मार दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय सौरभ यादव के रूप में हुई है। पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोली निकाल दी। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पहले सिर फोड़ा फिर मारी गोली
पीड़ित पक्ष का आरोप है, कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। उनका कहना है कि पहले सैफई थाना क्षेत्र में एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया था। इसके करीब पांच घंटे बाद उसी विवाद के चलते उसके करीबी दोस्त सौरभ यादव को मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र में गोली मार दी गई। परिजनों ने दोनों घटनाओं के पीछे वर्चस्व की पुरानी रंजिश बताते हुए एक ही पक्ष के लोगों पर हमला कराने का आरोप लगाया है।
सैफई थाने में मुकदमा दर्ज
पहली घटना के संबंध में सैफई थाने में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, जबकि गोलीकांड की तहरीर थाना कुर्रा पुलिस को दी गई है। दोनों जिलों की पुलिस अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाओं के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हुई इन वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला: गया–मधुपुर स्पेशल ट्रेन से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत