खंडवा। जिले के नर्मदा नगर क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना घटी है। यहाँ के माथनी के जंगलों में महुआ बीनने गए...
खंडवा। जिले के नर्मदा नगर क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना घटी है। यहाँ के माथनी के जंगलों में महुआ बीनने गए एक व्यक्ति पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामशंकर (42 वर्ष), पिता रामदीन के रूप में हुई है। वे ग्राम पामाखेड़ी के निवासी थे।
घात लगाकर बैठा था भालू
रामशंकर रोज़ की तरह जंगल में महुआ इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि रामशंकर को संभलने का मौका भी नहीं मिला। चश्मदीदों और मिली जानकारी के अनुसार, हमले के बाद काफी देर तक भालू शव के पास ही बैठा रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बड़ी संख्या में लोग
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुँच गए। वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की घोषणा की है। विभाग द्वारा क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
अकेले न जाएं जंगल में...
मालूम हो कि महुआ के सीजन में अक्सर जंगली जानवरों और इंसानों के बीच संघर्ष की खबरें होती है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं और सतर्क रहें।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-says-israel-will-not-use-nuclear-bomb-on-iran/149745