मणिपुर के इम्फाल में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई: असम राइफल्स और पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया, वहीं यूकेएनए का वित्त सचिव भी गिरफ्तार।
इम्फाल (मणिपुर)। मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स ने सोमवार को एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान इम्फाल ईस्ट के सगोलमांग पुलिस थाने के अंतर्गत सिनम कोम गांव की तलहटी से कई आग्नेयास्त्र, हथगोले, गोला-बारूद और सुरक्षात्मक उपकरण बरामद किए। मणिपुर पुलिस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि 4 महार (बॉर्डर्स) रेजिमेंट से मिली पुष्ट और विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर, इम्फाल ईस्ट के कमांडो (CDO) और 28 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।
SLR, INSAS, पिस्तौल और ग्रेनेड समेत भारी बरामदगी
बरामद की गई हथियारों की सूची में एक मैगजीन के साथ 7.62 एमएम SLR (सेल्फ-लोडिंग राइफल), दो मैगजीन के साथ 5.56 एमएम इंसास (INSAS) राइफल और एक मैगज़ीन के साथ 9 एमएम की पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने एक पोम्पी गन, एक देसी घातक बंदूक, दो सिंगल-बैरल बंदूकें, तीन नंबर-36 हैंड ग्रेनेड और एक एमजी2 मोर्टार शेल भी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि इस अभियान में 45 राउंड जिंदा कारतूस, चार बुलेटप्रूफ (बीपी) प्लेट, आठ बीपी जैकेट और दो हेलमेट भी हाथ लगे हैं।
चुराचांदपुर में UKNA का शीर्ष कैडर गिरफ्तार
इस बीच, एक अन्य घटना में 23 जुलाई को भारतीय सेना, असम राइफल्स और मणिपुर के चुराचंदपुर जिले के मोलनोम गांव में एक सुनियोजित एवं समन्वित संयुक्त अभियान के तहत यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के एक शीर्ष कैडर को गिरफ्तार किया गया, जो संगठन का स्वघोषित वित्त सचिव बताया जा रहा है।
उगाही और गोलीबारी में संलिप्तता का आरोप
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह गिरफ्तार व्यक्ति एक 'हाई वैल्यू टारगेट' था और क्षेत्र में यूकेएनए द्वारा बड़े पैमाने पर फैलाई जा रही उगाही (extortion) तथा गोलीबारी की वारदातों में शामिल था। मोलनोम गांव में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होते ही सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया और उसे दबोच लिया।
45 वर्षीय एस. पलल थाडौ से उगाही के पर्चे बरामद
पुलिस ने उसकी पहचान 45 वर्षीय एस. पलल थाडौ उर्फ लालबोई सिंगसन के रूप में की है। उसके पास से जबरन वसूली के पर्चे (नोट्स) और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि सुरक्षा बलों के लिए यह संयुक्त अभियान एक बड़ी सफलता है और इससे इस क्षेत्र में शांति बहाली में काफी मदद मिलेगी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: मणिपुर में जनगणना से पहले NRC लागू करने की मांग, खुराई में महिलाओं ने निकाली मशाल रैली