महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवागांव के आश्रित ग्राम केसरीपुर में स्थित करीब 15 एकड़ के तालाब में अज्ञात तत्वों द्वारा जहर डाले जाने की आशंका जताई जा रही है।
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवागांव के आश्रित ग्राम केसरीपुर में स्थित करीब 15 एकड़ के तालाब में अज्ञात तत्वों द्वारा जहर डाले जाने की आशंका जताई जा रही है। सोमवार सुबह तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सुबह नहाने पहुंचे लोगों ने देखा डरावना मंजर
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोग तालाब में नहाने पहुंचे तो उन्होंने पानी की सतह पर बड़ी-बड़ी मछलियों को तड़पते हुए देखा। बताया जा रहा है कि मरने वाली मछलियों का वजन करीब 2 से 4 किलोग्राम तक है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मछलियां दम तोड़ने लगीं, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।
जहर डालने की आशंका, वीडियो हुआ वायरल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां तड़पती हुई नजर आ रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि तालाब में लाखों रुपये मूल्य की मछलियां थीं और इस घटना से भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाया गया गया है। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच और कार्रवाई की मांग तेज
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना की जानकारी संबंधित विभाग और प्रशासन को दिए जाने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन या पुलिस की ओर से घटना को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: पानी के लिए सड़क से दफ्तर तक संग्राम, खाली बर्तन लेकर धरने पर बैठीं महिलाएं