समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधपुरा बाजार स्थित मुन्ना मेडिकल में 3 जिलों की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधपुरा बाजार स्थित मुन्ना मेडिकल में 3 जिलों की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाएं जब्त की। लगभग 100 प्रकार की दवाओं के नमूने भी जांच के लिए अपने साथ ले गए।
दुकानें सील, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने मुन्ना मेडिकल एवं एक और दुकान को फिलहाल बंद रखने का निर्देश दिया है। इस छापेमारी के बाद ड्रग इंस्पेक्टर विनीता कुमारी ने बताया कि दुकानों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब्त की गई सभी संदिग्ध दवाओं एवं नमूनों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशीली दवाओं के वायरल वीडियो के बाद जागा प्रशासन
बताते चलें कि पिछले सप्ताह इसी क्षेत्र से नशीली दवाओं की बिक्री से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की नींद खुली! वहीं समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा जिले के औषधि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

कागजात और रिकॉर्ड दिखाने में फेल रहे संचालक
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों से दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कागजात, बिल-विपत्र एवं स्टॉक रजिस्टर की मांग की गई। हालांकि अधिकारी संतोषजनक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात कह रहे हैं। टीम ने दुकानों में रखी विभिन्न दवाओं की गहन जांच की और कई दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए जब्त किए। साथ ही संबंधित गोदामों की भी जांच कराने की बात कही गई है।
अवैध कारोबार की गिरफ्त में मासूम
वहीं इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया है कि हसनपुर क्षेत्र में लंबे समय से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की चर्चा होती रही है। लोगों ने आरोप लगाया है कि इस अवैध कारोबार की चपेट में नाबालिग बच्चे तेजी से आ रहे हैं। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने नशीली एवं नकली दवाओं की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
कई जिलों के अधिकारियों की मौजूदगी में जांच जारी
उक्त छापेमारी टीम में औषधि सहायक नियंत्रक शंभूनाथ ठाकुर, ड्रग इंस्पेक्टर विनीता कुमारी, सहायक ड्रग इंस्पेक्टर नीलम कुमारी, ड्रग इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, मजिस्ट्रेट सन्नी कुमार, हसनपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी बी.बी.एन. सिंह, मोहन पासवान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें। मंगलवार को पूरे जांच करने के बाद दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया। वहीं आज दोपहर फिर से दूधपुरा के ही मुन्ना मेडिकल के गोदाम आदि का जांच करने पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें: इंदौर में अस्पताल पार्किंग से ₹4.5 लाख की अवैध देसी शराब बरामद