बिहार के सारण जिले के अमनौर बाजार में बुधवार देर रात सत्यम केक हाउस में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान में रखे चार फ्रीजर, इन्वर्टर, बैटरी, अन्य सामान और नकदी जलकर राख हो गई।
सारण: बिहार के सारण जिले के अमनौर बाजार में बुधवार देर रात सत्यम केक हाउस में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान में रखे चार फ्रीजर, इन्वर्टर, बैटरी, अन्य सामान और नकदी जलकर राख हो गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान की दीवारों का प्लास्टर तक टूटकर नीचे गिर गया। दुकानदार के मुताबिक, इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना अमनौर-भेल्दी मुख्य मार्ग पर स्थित अमनौर बाजार की है। यहां मेघनाथ प्रसाद कुशवाहा के मकान में किराये पर चल रही सत्यम केक हाउस की दुकान में बुधवार देर रात आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुकान बंद कर घर गए थे दुकानदार
दुकानदार विश्वास कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद करके अपने किराये के आवास पर चले गए थे। इसी दौरान रात में उनके पास फोन आया कि दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखा सामान तेजी से जलने लगा। आग की तपिश से दीवारों का प्लास्टर भी टूटकर नीचे गिर गया।
चार फ्रीजर, इन्वर्टर और बैटरी भी जले
अग्निकांड में दुकान के चार फ्रीजर, इन्वर्टर, बैटरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। दुकानदार के मुताबिक, दुकान में रखी नकदी भी आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि दशहरा पूजा और सर्वोदय मेले के दौरान पिछले तीन-चार दिनों में हुई बिक्री से जमा रुपये दुकान में रखे थे। आग में नकदी भी जल गई। दुकानदार का कहना है कि हादसे में उनका कुछ भी नहीं बचा और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस और दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर अमनौर 112 की पुलिस टीम और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान का लगभग सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी एयर शो को लेकर डीडीयू जंक्शन पर अलर्ट, रात में DRM ने परखी तैयारियां