प्रतापगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एएनटीएफ लखनऊ और पट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 700 ग्राम MDMA बरामद की है।
प्रतापगढ़: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ लखनऊ और पट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नशे के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 70 लाख रुपये कीमत की 700 ग्राम अवैध MDMA (मेफेड्रोन) बरामद की है। इतनी बड़ी कीमत के मादक पदार्थ की बरामदगी से पुलिस महकमे में भी हलचल है।
दो मोटरसाइकिल समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ लखनऊ और थाना पट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 700 ग्राम MDMA के अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 7,380 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। करीब 70 लाख रुपये कीमत की MDMA की बरामदगी इस कार्रवाई की सबसे बड़ी खासियत है। अब पुलिस की जांच का दायरा सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस नशे की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने पर भी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
तीनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई के संबंध में क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। करीब 70 लाख की नशे की खेप बरामद होने से जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस की जांच में तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों के सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- परिवहन मंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने वाला कथित यूट्यूबर गिरफ्तार, 10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप