ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में मेरठ के 50 से अधिक उद्यमी अपने कृषि, खाद्य और हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
मेरठ (उत्तर प्रदेश)। जिले की खेती, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योगों में तैयार हो रहे उत्पाद अब देश-विदेश के खरीदारों के सामने अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में मेरठ के 50 से अधिक उद्यमी हिस्सा लेंगे। ओडीओपी, एमएसएमई और ओडीओसी उत्पादों के साथ महिला और युवा उद्यमियों को भी अपने कारोबार के विस्तार के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। इस ट्रेड शो में उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ-साथ संभावित खरीदारों से सीधे संपर्क और नए बाजार तलाशने के बेहतरीन अवसर भी प्राप्त होंगे।
पॉली हाउस की खेती से लेकर शहद कारोबार तक की चमक
उद्यान विभाग की ओर से खेड़ा गांव के पॉली हाउस में आधुनिक तकनीक से खेती करने वाले रविंद्र कुमार भी अपने उत्पादों के साथ इस ट्रेड शो में शामिल होंगे। उनके पॉली हाउस में शिमला मिर्च और तोरई जैसी सब्जियों के साथ गुलाब और जरबेरा के फूल तैयार किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से कम क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से विविध और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, युवा उद्यमी भारत अघेरा की कंपनी 'रेनट्रोव नेचुरल्स' शहद उत्पादन और कारोबार की अपनी उपलब्धियों को सबके सामने रखेगी। इस कंपनी को पिछले वर्ष 46 टन शहद का विदेशी ऑर्डर मिला था और वर्तमान में इसका वार्षिक कारोबार तीन करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा, 'अनुभी एंटरप्राइजेज' की मधु अग्रवाल अचार, सत्तू और खाद्य जैम जैसे उत्पादों के साथ महिला उद्यमिता की अनूठी मिसाल पेश करेंगी।
अलग-अलग श्रेणियों में 50 से अधिक स्टॉल होंगे स्थापित
उद्यान विभाग के अलावा जिला उद्योग केंद्र से जुड़े उद्यमी भी इस प्रतिष्ठित यूपीआईटीएस का अहम हिस्सा बनेंगे। जिला उद्योग केंद्र की तरफ से ट्रेड शो के हॉल-14 में जिले के सात नवीन निर्यातकों को कुल नौ स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इनमें प्रिंसेस स्पोर्ट्स और तुलसी इंटरनेशनल एंड स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के दो-दो तथा सनी स्पोर्ट्स, एमएस इंटरनेशनल, यूनिक डेकोर, श्री एंटरप्राइजेज और मार्शल एक्सपोर्ट्स के एक-एक स्टॉल शामिल हैं। इसके अलावा ओडीओपी श्रेणी के हॉल-9 में एक्टिव स्पोर्ट्स के दो और अन्य उद्यमियों के स्टॉल लगेंगे, जबकि निर्यातक श्रेणी के हॉल-15 में मेरठ के छह और एमएसएमई श्रेणी के हॉल-10 में नौ उद्यमियों के लिए कुल 10 स्टॉल आरक्षित किए गए हैं।
रेवड़ी, गजक और नानखटाई बढ़ाएंगी ट्रेड शो का जायका
इस ट्रेड शो में आने वाले आगंतुकों को मेरठ की मशहूर रेवड़ी, गजक और नानखटाई का खास स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा। प्रदेश सरकार द्वारा सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए 'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओसी) योजना शुरू की गई है। इसी योजना के तहत शहर में रेवड़ी, नानखटाई और गजक का उत्पादन करने वाले तीन चुनिंदा उद्यमियों को निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह ट्रेड शो मेरठ के स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान करेगा, जिससे नए बाजार विकसित होंगे और निर्यात की संभावनाएं मजबूत होंगी।
यह भी पढ़ें: मथुरा के जीएलए विश्वविद्यालय में यूपी राइज 2026 का आयोजन, युवाओं को बनाया जा रहा जॉब क्रिएटर