प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मेरठ स्कूल में शिक्षक ने 17 थप्पड़ मारे

40 सेकंड में 17 थप्पड़! मेरठ के स्कूल में शिक्षक की दबंगई का वीडियो वायरल

मेरठ के हस्तिनापुर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक शिक्षक ने महज 40 सेकंड में 13 साल के छात्र को 17 थप्पड़ जड़ दिए।

Meerut Teacher Slaps Student 17 Times in 40 Seconds

मेरठ {उत्तर प्रदेश}: मेरठ के हस्तिनापुर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक शिक्षक ने महज 40 सेकंड में 13 साल के छात्र को 17 थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

शिक्षक ने छात्र पर बरसाए थप्पड़

मामला मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे के श्री राजकीय इंटर कॉलेज का है। यहां दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक की कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक ने करीब 40 सेकंड के भीतर छात्र को एक के बाद एक 17 थप्पड़ मारे।

बच्चे के रोने के बावजूद नहीं रुके शिक्षक

मखदूमपुर कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित छात्र के परिजनों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आरोपी शिक्षक क्लासरूम में पहुंचे और किसी बात को लेकर छात्र पर गुस्सा करने लगे। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को लगातार थप्पड़ मारे। इस दौरान बच्चा चीख-चीखकर रोता रहा, लेकिन शिक्षक नहीं रुके। परिजनों का आरोप है कि मारपीट की वजह से छात्र को चोटें आई हैं। घटना के बाद छात्र ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पहले स्कूल के प्रधानाचार्य से शिकायत की। इसके बाद वे थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक पहले से ही छात्र से रंजिश और ईर्ष्या रखते थे। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल वीडियो के आधार पर जांच

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर घटना की वास्तविकता तथा मारपीट की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। शिक्षा के मंदिर में छात्र के साथ कथित मारपीट का यह मामला शिक्षकों की भूमिका और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन आरोपी शिक्षक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

यह भी पढ़ें: जन धन योजना के 12 साल पूरे, खातों में जमा राशि 12.8 गुना बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये पहुंची

Related to this topic: