समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर में बाहर रहकर मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई।
समस्तीपुर (बिहार)। जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श पंचायत मोतीपुर अंतर्गत महेशपुर में सोमवार की देर शाम सड़क किनारे एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेवन पासवान के करीब 45 वर्षीय पुत्र लालटुन पासवान के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि लालटुन पासवान दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करता था। वह रविवार रात प्रदेश से अपने घर लौटा था।
मृतक की पत्नी का करीब 10 वर्ष पहले निधन
सोमवार की सुबह घर से निकला था और शाम सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े उसके शव पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पत्नी का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है । मृतक के चार बच्चे हैं। शव की पहचान होने के बाद घटना की जानकारी रोसड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान
मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।अचानक सड़क किनारे शव मिलने से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना को लेकर तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक के हाल के गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और मृतक के हाल के गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।नगर इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि शव मिलने की सूचना मिली है। घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, परिजनों को शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया हैं।
यह भी पढ़ेंः फूलपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन किशोरों की दर्दनाक मौत और छह घायल