सिंगरौली जिला न्यायालय में नाबालिग युवक-युवती को लेकर हंगामा हुआ। सामाजिक संगठनों ने दोनों को पुलिस के हवाले किया, जिसके बाद उन्हें सोनभद्र पुलिस को सौंप दिया गया।
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिला न्यायालय परिसर में युवक-युवती को लेकर हंगामा हो गया। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दोनों को अधिवक्ताओं के चेंबर से पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया। पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग हैं और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र से संबंधित हैं।
सोनभद्र के रहने वाले हैं युवक-युवती, न्यायालय में दस्तावेजी प्रक्रिया का आरोप
युवती उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि युवक सिंगरौली के बैढ़न क्षेत्र का निवासी बताया गया है। आरोप है कि दोनों परिजनों की जानकारी के बिना न्यायालय पहुंचे थे। अधिवक्ता अजीम खान के चेंबर में उनकी विवाह संबंधी दस्तावेजी प्रक्रिया चलने की बात सामने आई।
शपथ आयुक्त की भूमिका पर उठे सवाल, दस्तावेज फाड़ने का वीडियो वायरल होने का दावा
विरोध कर रहे लोगों ने शपथ आयुक्त पारसनाथ शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और सील लगाने को लेकर उनकी भूमिका नियमों के अनुरूप नहीं थी। इस मामले से जुड़ा दस्तावेज फाड़े जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने युवक-युवती को पुलिस को सौंपा
मामले की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक-युवती को पुलिस के हवाले कर दिया। संगठनों ने अधिवक्ता अजीम खान और शपथ आयुक्त पारसनाथ शाह के लाइसेंस निरस्त करने के साथ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
नाबालिग होने के कारण विवाह प्रक्रिया वैधानिक नहीं, सोनभद्र पुलिस को सौंपे गए दोनों
नगर पुलिस अधीक्षक ललित बैरागी ने बताया कि युवक-युवती को बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने लेकर आए थे। प्रारंभिक जांच में सिंगरौली क्षेत्र में कोई अपराध घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। सीएसपी के अनुसार, युवक-युवती के उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र से संबंधित होने के कारण दोनों को वहां की पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है, इसलिए उनके बीच विवाह की प्रक्रिया वैधानिक रूप से संभव नहीं थी।
यह भी पढ़ेंः राजनांदगांव में अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ₹2,000 मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार