शहर के एक प्रसिद्ध मैरिज गार्डन में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है।
इंदौर। शहर के एक प्रसिद्ध मैरिज गार्डन में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। एक अनजान "मेहमान" ने भीड़ का फायदा उठाते हुए नोटों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में करीब 4.80 लाख रुपये थे। सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग चोरी करते हुए कैद हुआ है। आरोपी मेहमानों के बीच घुल-मिल गया और सही मौके का इंतजार किया।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
शादी का कार्यक्रम अपने चरम पर था और स्टेज पर फोटो सेशन चल रहा था। परिवार के सदस्य और अन्य मेहमान फोटोग्राफी में व्यस्त थे। इसी गहमागहमी के बीच, स्टेज पर रखा हुआ नोटों से भरा बैग एक बच्चे ने चुपके से उठाया और वहां से रफूचक्कर हो गया। जब कुछ समय बाद परिवार का ध्यान बैग पर गया, तो उनके होश उड़ गए। बैग में करीब पौने पांच लाख रुपये रखे थे।
सीसीटीवी में दिखा बच्चा बैग लेकर जा रहा है
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और गार्डन के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक बच्चा बड़ी चालाकी से बैग लेकर बाहर जा रहा है। पुलिस को शक है कि इस बच्चे के पीछे कोई बड़ा गैंग हो सकता है जो अक्सर शादियों में बच्चों का इस्तेमाल चोरी के लिए करता है।
सतर्क रहें और निगरानी रखें
शादी-ब्याह जैसे भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में कीमती सामान और नकदी के प्रति विशेष सतर्कता बरतें। अनजान लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना और कीमती सामान को सुरक्षित व्यक्ति की निगरानी में रखना अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bandhavgarh-tiger-deaths-probe-delayed/149584
बांधवगढ़ में 8 बाघों की मौत पर सवाल, 52 दिन बाद भी SIT रिपोर्ट नहीं