मीरजापुर के लालगंज में ₹25 हजार के इनामी गो-तस्कर गुफरान की पुलिस से मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद। पढ़ें पूरी खबर।
मीरजापुर (उत्तर प्रदेश)। मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और ₹25 हजार के इनामी गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ₹25 हजार का वांछित गो-तस्कर गुफरान मोटरसाइकिल से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की तरफ जा रहा है। पुलिस ने पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए गुफरान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, ₹37,500 नकद और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।
बिहार तक फैला गो-तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से भदोही के गोपीगंज का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतास, बिहार में रहता है। पूछताछ में उसने प्रयागराज और मध्य प्रदेश बॉर्डर से गोवंश खरीदकर बिहार में बेचने की बात बताई है। गुफरान के खिलाफ मीरजापुर के लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में गो-तस्करी और पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।
नेटवर्क के अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मीरजापुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और गो-तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों और गो-तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना लालगंज के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय मय पुलिस टीम और चौकी प्रभारी बेलन बरौधा नरेंद्र सिंह मय पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मामले में लालगंज थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: मोटर पंप चोरी के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, दो मोटर पंप बरामद