प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बंगाल में BJP सरकार बनी तो गुंडों पर कार्रवाई

बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर गुंडों से होगा हिसाब: मोदी

कोलकाता में रैली के दौरान पीएम मोदी ने टीएमसी पर महिलाओं की असुरक्षा का आरोप लगाया, कहा- भाजपा सरकार बनने पर गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर गुंडों से होगा हिसाब मोदी

Indian Politics |

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन उत्तर चौबीस परगना जिले के औद्योगिक क्षेत्र जगदल (बैरकपुर) में भाजपा की चुनावी सभा में कहा कि मां, माटी, मानुष के नारे पर सत्ता में आने वाली टीएमसी के गुंडों ने महिलाओं का अपमान किया है और असुरक्षित बना रखा है। महिलाओं से उन्होंने अपील की कि वोट देते वक्त इन गुंडों के चेहरे याद रखें और भाजपा को वोट दें।

महिलाओं को न्याय दिलाने का वादा

मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को पूरा न्याय मिलेगा। हर गुंडे की फाइल खोली जाएगी और चुन-चुनकर उनसे हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई को भाजपा सरकार बनेगी और उस समय वह खुद बंगाल में मौजूद रहेंगे।

टीएमसी सरकार पर 15 साल का हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में टीएमसी सरकार ने युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और किसानों के लिए कुछ नहीं किया। उसके पास दिखाने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी का एक ही तरीका है—गाली देना, धमकी देना और झूठ फैलाना।

उद्योग बंद, बेरोजगारी बढ़ी

मोदी ने कहा कि बंगाल में उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं। जूट मिल, पेपर मिल और कपड़ा उद्योग ठप पड़ रहे हैं। जहां पहले मशीनों की आवाज आती थी, वहां अब बम और गोलियों की आवाज सुनाई देती है। उन्होंने टीएमसी पर सिंडिकेट राज और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

कोलकाता की पहचान बचाने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीएमसी ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन अब घुसपैठियों को बसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोलकाता की पहचान को बचाना जरूरी है और इसे “सिटी ऑफ फ्यूचर” बनाना है, जहां सभी धर्मों के लोग रहें, लेकिन घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।

शरणार्थियों और युवाओं के लिए वादे

उन्होंने कहा कि मतुआ, नमोशुद्र और अन्य शरणार्थियों को नागरिकता और सभी अधिकार दिए जाएंगे। साथ ही महिलाओं और युवाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने, सरकारी नौकरियों के खाली पद भरने और सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन देने का वादा किया।

विपक्ष पर साधा निशाना

मोदी ने कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी को एक ही गठबंधन बताते हुए कहा कि ये “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल को हिंसा, दंगों, बेरोजगारी और तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त कराने के लिए भाजपा को एक मौका देना जरूरी है।

बंगाल के गौरव को लौटाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंगाल, कोलकाता और बैरकपुर के औद्योगिक गौरव को वापस लाया जाएगा और राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़े: यूपी में 2000 करोड़ निवेश, 10 हजार रोजगार

https://www.primenewsnetwork.in/state/up-expects-2000-crore-investment-10000-jobs/179663

Related to this topic: