MP News : उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक एक माह तक भव्य व्यापार मेला का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम इल मेले आयोजन करेगा।
MP News : उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक एक माह तक भव्य व्यापार मेला का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम इल मेले आयोजन करेगा। इसकी तैयारी भी जोर-शोर से हो रही है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के मद्देनजर मेला क्षेत्र का 20 करोड़ रुपये का बीमा कराया जाएगा। इस दौरान आम लोगों के लिए वाहन पार्किंग व अन्य शुल्कों में 50 प्रतिशत तक छूट देने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक की समीक्षा
सोमवार को नगर निगम कार्यालय में निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की अध्यक्षता में व्यापार मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई, बिजली, पानी, अग्नि सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
15 फरवरी से 19 मार्च तक गुड़ी पड़वा
जानकारी के अनुसार, उज्जैन में यह व्यापार मेला 15 फरवरी महाशिवरात्रि से 19 मार्च गुड़ी पड़वा तक आयोजित किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस मेले में व्यापारिक स्टॉल, झूले, मनोरंजन के साधन, खान-पान की दुकानें और विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि बाहर से आने वाले दुकानदारों और पर्यटकों के लिए भी यह मेला आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मेले के आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र का 20 करोड़ रुपये का सुरक्षा बीमा नगर निगम द्वारा कराया जाएगा, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।
यातायात को लेकर विशेष प्रबंध
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था में सुधार और वाहनों पर 50 प्रतिशत तक शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया है। इससे मेले में आने वाले लोगों को राहत मिलेगी और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या भी कम होगी।
सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
बैठक में फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। मेले में अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की जाएगी।
मिलेगी आर्थिक, समाजिक व सांस्कृतिक जीवन को गति
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह व्यापार मेला उज्जैन के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को नई गति देगा। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से शुरू होकर गुड़ी पड़वा पर समापन तक चलने वाला यह व्यापार मेला श्रद्धालुओं और नागरिकों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nishikant-dubey-after-papers-were-thrown-at-the-speaker/131774