मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार भाइयों को पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, हादसे में युवक घायल
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शैलेंद्र पुत्र गंधर्व सिंह गुर्जर निवासी रमसापुरा ने बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे वह अपने भाई हरेंद्र उर्फ हरेंद्र सिंह गुर्जर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे बाबा देवपुरी मंदिर गेट के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आए ट्रक क्रमांक RJ11 GB7031 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सुबह करीब 5:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक व्याप्त है।
यह भी पढ़े: सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रेवल्स बस से स्कॉच शराब के 10 कार्टन जब्त; तस्कर गिरफ्तार