प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ड़क हादसे में मां-बेटे की मौत

अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा, मां और 4 वर्षीय बेटे की मौत; पति गंभीर रूप से घायल

अमेठी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिसमें माँ और बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हैं।

अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा मां और 4 वर्षीय बेटे की मौत पति गंभीर रूप से घायल

representative image | file photo

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इन्हौना थाना क्षेत्र में राजाफत्तेपुर जाने वाली सड़क पर दो सड़का मोड़ के पास बीती रात हुआ। बाइक सवार परिवार को टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मां-बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दो सड़का मोड़ के पास जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय गोपी निवासी विकास अपनी पत्नी मालती देवी (35) और चार वर्षीय बेटे विराट के साथ बाइक से रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो सड़का मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मां-बेटे को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मालती देवी और उनके बेटे विराट को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विकास का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही इन्हौना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।इन्हौना थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि देर रात हुए सड़क हादसे में महिला और उसके बेटे की मौत हुई है, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: अमेठी में अज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Related to this topic: