प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात

बांदा में प्रेम विवाह के विवाद में सास की हत्या, कुल्हाड़ी से हमले का आरोप; तीन आरोपी गिरफ्तार

बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के विवाद को लेकर 45 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है।

बांदा में प्रेम विवाह के विवाद में सास की हत्या कुल्हाड़ी से हमले का आरोप तीन आरोपी गिरफ्तार

Mother-in-Law Murdered Over Love Marriage Dispute in Banda, Three Accused Arrested |

बांदा,(उत्तरप्रदेश)। जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेटी के प्रेम विवाह का विरोध करना एक मां को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोप है कि दामाद ने अपने चाचा और एक अन्य साथी के साथ मिलकर बीच रास्ते में कुल्हाड़ी से हमला कर 45 वर्षीय सास की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब के पास घात लगाए बैठे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, कोर्रही निवासी दिवंगत राजू की पत्नी बानो (45) शनिवार को अपनी 22 वर्षीय बेटी आलिया और रेशमा के साथ घर लौट रही थीं। घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपी लवकुश वर्मा, उसके चाचा छोटेलाल और सत्तू ने बानो के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अप्रैल में गांव लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया, कि करीब आठ माह पहले लवकुश वर्मा, बानो की बालिग बेटी आलिया को अपने साथ ले गया था और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह के बाद दोनों सूरत में रह रहे थे। अप्रैल में गांव लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आलिया अपनी मां बानो के साथ रहने लगी।

यूपी-112 पुलिस बुलाकर बेटी का सामान आरोपी के घर से निकलवाया

बताया जा रहा है, कि घटना से कुछ घंटे पहले बानो ने यूपी-112 पुलिस बुलाकर बेटी का सामान आरोपी के घर से निकलवाया था। पुलिस का मानना है, कि इसी रंजिश और बेटी के संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही बिसंडा पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ेंः राजनांदगांव में बिना लाइसेंस उर्वरक निर्माण पर कार्रवाई, 2485 बोरी खाद और कच्ची सामग्री जब्त

Related to this topic: